Header

VOM Imagine

  • धनुष ब्रेक की ब्रेकिंग न्यूज

    D

    आलोक पुराणिक

    दिल कांप जाता है यह सोचकर कि जो इवेंट बहुत पहले घट चुके हैं, वे अगर अब घटते तो कितनी फजीहत होती। जिस दौर में राखी सावंत के स्वयंवर की ब्रेकिंग न्यूज बनती है, उस दौर में अगर सच के राजकुमार किसी स्वयंवर में हिस्सा लेते तो क्या होता। मुझे बहुत डेंजरस से सीन दिखाई पड़ रहे हैं.....

    एक रिपोर्टर चीखता- सबसे पहले हमारे चैनल पर धनुष ब्रेक की बेकिंग न्यूज।

    रिपोर्टर का बॉस चीखता-अबे! बयान ला, धनुष बनाने वाले के।

    रिपोर्टर बताता- जी, वह तो एविलेबल नहीं है।

    बॉस डांटता- कुछ तो कर। जिस लकड़ी से धनुष बना है, वह किस गांव की है। उस गांव के प्रधान का इंटरव्यू ले आ।

    रिपोर्टर सकुचाता और कहता- पर उस गांव के प्रधान का धनुष से क्या मतलब।

    बॉस डांटता- अबे! इतने साल हो गए हैं, तुझे टीवी न्यूज में। अब भी टीवी न्यूज में मतलब तलाशता है। तू तो बस प्रधान को तलाश ले, ब्रेकिंग न्यूज मैं बना दूंगा।

    थोड़ी देर बाद ब्रेकिंग न्यूज उभरती-धनुष की लकड़ी वाले गांव के प्रधान जी हमारे चैनल में। दर्शक ऊबकर चैनल बदलते, तो दूसरे चैनल पर भी वही प्रधान जी होते। अब के प्रधान जी बहुत चतुर-चौकन्ने हो लिए हैं, एक साथ कई टीवी चैनलों को इंटरव्यू देते हैं। एक्सक्लूसिव कुछ भी नहीं है, सिवाय इस दावे के कि हमारे आइटम एक्सक्लूसिव हैं। मुझे डर तो उस एंकर के बारे में सोचकर लगता है, जो कहता है-सावधान, जाग जाओ, उठ जाओ, वह टूटेगा, आज रात टूटेगा। रात को नहीं टूटेगा, तो दिन को टूटेगा। दिन को नहीं टूटेगा, तो शाम को टूटेगा। टूटेगा, जरूर टूटेगा। वह तोड़ेगा। वह अगर नहीं तोड़ पाया, तो वह तोड़ेगा। वह भी नहीं तोड़ पाया, तो वह तोड़ेगा। टूटेगा, जरूर टूटेगा। टूटता देखें, सिर्फ हमारे चैनल पर। स्वयंवर में धनुष टूटेगा। खौफनाक, सनसनीखेज, धमाकेदार।

    यह भाई हर आइटम में डराने का जुगाड़ कर देता है। इसके हवाले अगर रामकथा कर दी जाए, तो यह सिर्फ यह बताएगा - खौफनाक, खतरनाक, दस मुंह वाला वह आएगा और किडनैपिंग कर ले जाएगा। जाग जाओ। दस मुंह वाला किडनैपर आएगा। समुंदर पर छलांग की ब्रेकिंग न्यूज देखिये, दिल थामकर, खौफनाक, खतरनाक, दिलहिलाऊ। पूरी रामकथा सिर्फ किडनैपिंग और दिलहिलाऊ एडवेंचर की कहानी बन जाती। आइये धन्यवाद दें, ऊपर वाले को कि धनुष ब्रेक की न्यूज ब्रेकिंग न्यूज बनने से बच गई।

Copyright @ 2009 voiceofmedia.com. All rights reserved.   हमें ईमेल करें- editor@voiceofmedia.com  हमसे स‌ंपर्क करें    हमारे बारे में